हाल ही में एक नया रक्त समूह खोजा गया है। अब तक कुल 47 रक्त समूह ज्ञात थे और यह 48वां रक्त समूह इतना दुर्लभ है कि फिलहाल दुनिया में मात्र एक इंसान में पाया गया है।
दरअसल, फ्रांस में एक महिला के लिए उपयुक्त रक्तदाता खोजने के लिए सामान्य रक्त परीक्षण किया जा रहा था। लेकिन महिला का रक्त प्लाज़्मा हरेक संभावित दानदाता के रक्त के विरुद्ध प्रतिक्रिया दे रहा था। और तो और, उसके सगे भाई-बहनों का रक्त भी मैच नहीं कर पाया। यानी उसके लिए कोई दानदाता खोजना नामुमकिन सा हो गया था।
आम तौर पर हम जानते हैं कि रक्त समूह चार होते हैं – ए, बी, एबी तथा ओ। साथ ही इनमें आरएच धनात्मक और आरएच ऋणात्मक हो सकते हैं। लेकिन तथ्य यह है कि ये रक्त समूह दर्जनों रक्त समूह प्रणालियों में से मात्र दो का प्रतिनिधित्व करते हैं। अन्य रक्त वर्गीकरण प्रणालियों का असर भी खून लेने-देने पर होता है। रक्त समूह वर्गीकरण की तमाम प्रणालियों में लाल रक्त कोशिकाओं की सतह पर पाई जाने वाली शर्कराओं और प्रोटीन में बारीक अंतरों को आधार बनाया गया है। इसके आधार पर विभिन्न व्यक्तियों में रक्त का लेन-देन संभव या असंभव होता है।
फ्रांस के ग्वाडेलूप में खोजे गए इस रक्त समूह को ‘ग्वाडा ऋणात्मक’ नाम दिया गया है। इसकी गुत्थी को सुलझाने के लिए वैज्ञानिकों ने आधुनिक संपूर्ण एक्सोम अनुक्रमण नामक तकनीक की मदद ली। इस तकनीक में मनुष्यों में पाए जाने वाले 20,000 से ज़्यादा जीन्स की जांच की जाती है। इस विश्लेषण से पता चला कि उस महिला के एक जीन PIGZ में उत्परिवर्तन हुआ है।
यह जीन एक ऐसा एंज़ाइम बनाता है जो कोशिका झिल्ली के एक महत्वपूर्ण अणु पर एक खास शर्करा को जोड़ता है। वह शर्करा न हो तो लाल रक्त कोशिकाओं पर एक अणु की रचना बदल जाती है। इस परिवर्तन की वजह से एक नया एंटीजन बन जाता है। विशिष्ट एंटीजन की उपस्थिति ही रक्त समूह का निर्धारण करती है – इस मामले में एक सर्वथा नया वर्गीकरण उभरा है – ग्वाडा धनात्मक (जब एंटीजन उपस्थित हो) और ग्वाडा ऋणात्मक (जब एंटीजन नदारद हो)।
जीन संपादन की तकनीक से शोधकर्ताओं ने जब वह उत्परिवर्तन प्रयोगशाला में भी किया, तो पता चला कि सारे दानदाताओं का रक्त ग्वाडा धनात्मक था जबकि वह महिला दुनिया की एकमात्र महिला थी जिसका रक्त ग्वाडा ऋणात्मक था।
रक्त समूह के बारे में मान्यता है कि वे मात्र खून के लेन-देन को प्रभावित करते हैं। लेकिन इस मामले में देखा गया है कि वह महिला थोड़ी बौद्धिक विकलांगता से पीड़ित है, प्रसव के दौरान दो बच्चे गंवा चुकी है। वैज्ञानिकों को लगता है कि ये उसके उत्परिवर्तन से सम्बंधित हो सकते हैं।
बहरहाल, सबसे महत्वपूर्ण सवाल तो यह है कि इस महिला के लिए खून की व्यवस्था कैसे की जाए। वैसे कई वैज्ञानिक प्रयोगशाला में स्टेम कोशिकाओं से लाल रक्त कोशिकाएं विकसित करने पर काम कर रहे हैं जिन्हें जेनेटिक इंजीनियरिंग के उपरांत ग्वाडा ऋणात्मक जैसे दुर्लभ प्रकरणों में इस्तेमाल किया जा सकेगा। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - September 2025
- प्रेरणा देती हैं विज्ञान कथाएं - डॉ. जयंत नार्लीकर
- हिंदी में विज्ञान की पहली थीसिस के 50 साल
- ई-डीएनए की मदद से हवा में बिखरे जीवन की पहचान
- एक नया रक्त समूह खोजा गया
- खुशबुएं ऑक्सीकरण कवच कमज़ोर कर सकती हैं
- Y क्रोमोसोम रहित ट्यूमर अधिक घातक होते हैं
- कैंसर ट्यूमर की मदद करती तंत्रिकाएं
- ऑनलाइन आलोचना से स्वास्थ्य एजेंसियों पर घटता विश्वास
- निजी अस्पतालों में आकस्मिक चिकित्सा पर पुनर्विचार ज़रूरी
- बंद आंखों से देख सकेंगे
- लीलावती की बेटियां: आज की कहानी
- पैंगोलिन पर प्रमुख खतरा
- व्हेल की हड्डियों से बने 20,000 साल पुराने हथियार
- शार्क की प्रतिरक्षा प्रणाली का चौंकाने वाला आयाम
- खटमल शायद पहला शहरी परजीवी कीट था
- यह जीव यूवी प्रकाश से भी बच निकलता है
- नौ भुजा वाला ऑक्टोपस
- पक्षी खट्टे फल शौक से खा सकते हैं
- ‘ड्रैगन मैन' का राज़ खुला
- खाद्य तेल की मदद से ई-कचरे से चांदी निकालें
- जलवायु परिवर्तन से आल्प्स क्षेत्र में भूकंप का खतरा
- मानव शरीर में कोशिकाएं: साइज़ और संख्या
