भारत जोड़ो

बचपन में हम जिग्सॉ पज़ल बनाते थे - किसी चित्र के कई सारे टुकड़ों को जोड़कर चित्र फिर से पूरा करना। कभी-कभी भारत का जिग्सॉ भी मिल जाता था - जिसमें कई टुकड़े जोड़कर भारत का पूरा नक्शा बनाना होता था। जब हम पढ़ाने लगे तो एक विचार आया कि क्यों न हम राज्यों व देशों के बारे में पढ़ाने के लिए जिग्सॉ का उपयोग करें?

नक्शे के जो इस तरह के जिग्सॉ बाज़ार में मिलते हैं, वे तो बहुत ही महंगे होते हैं। साथ ही उनमें एक समस्या भी रहती है - आमतौर पर उनमें अलग-अलग राज्यों के टुकड़े नहीं होते। इसलिए शैक्षणिक दृष्टि से उनकी उपयोगिता कम ही है। अगर कहीं राज्यों के हिसाब से टुकड़े किए हों तो ऐसी जिग्सॉ और भी महंगी मिलती है।

हमें इसका एक सस्ता विकल्प सूझा। हमने एक कार्डशीट पर भारत का नक्शा उतार लिया और उसमें से अलग-अलग राज्यों को कैंची से काटकर निकाला। बच्चों को जब इन्हें जोड़ने दिया तो उन्हें बड़ा मज़ा आया।

“अरे ये उत्तरप्रदेश यहां थोड़े ही आएगा - इसे मध्यप्रदेश के ऊपर फंसाओ।"

“अरे मध्यप्रदेश तो लंगड़ा ऊँट जैसा दिखता है।"

"जम्मू-कश्मीर तो सबसे ऊपर होगा।"

बच्चे राज्यों की स्थिति और आकार से भली-भांति परिचित हो जाते हैं इस खेल से।

नक्शे का सस्ता स्टेंसिल

राजस्थान में एक शिक्षक गोष्ठी में हम इस खेल के बारे में चर्चा कर रहे थे और भारत के राज्यों का जिग्सॉ बना रहे थे। तब वहां के कुछ शिक्षकों ने नक्शा उतारने का एक मजेदार तरीका सुझाया। आप भी इसे अपने यहां करके देखिए।

  1. दीवार पर लटकाने वाला कोई बड़ा-सा नक्शा लें और उस पर उतनी ही बड़ी ट्रेसिंग-शीट स्टेपलर या आलपिन की मदद से लगा लें।
  2. एक आलपिन लेकर नक्शे पर बनी अंतर्राष्ट्रीय एवं राज्यों की सीमाओं व तटीय रेखाओं पर चुभोते जाएं ताकि उन लकीरों की जगह ट्रेसिंग शीट पर आधा-आधा से.मी. की दूरी पर छेद बन जाएं। यह काम काफी सावधानी से करना होगा ताकि सारी ज़रूरी रेखाएं पूरे तौर पर ट्रेसिंग कागज़ पर आ जाएं। छेद एकदम बारीक हों तो अच्छा रहेगा।

इस तरह तैयार हो गया अपना नक्शे का स्टेंसिल। अब इस से चाहे जितनी प्रतियां बना सकते हैं हम।

  1. एक कार्डशीट लेकर उस पर अपने स्टेंसिल (ट्रेसिंग शीट) को क्लिप की मदद से लगा दें।
  2. एक कांच के गिलास या कप में थोड़ा-सा मिट्टी का तेल लें और उसमें आधा चम्मच नील मिला लें। हां, कपड़ों को चमकाने वाला नील।
  3. थोड़ी-सी रुई इस मिश्रण में डुबोकर हल्के से निचोड़ लें। फिर इस रुई को ट्रेसिंग शीट पर बनी छेद वाली लकीरों पर फेरें। सारी लकीरों पर फेरने के बाद ट्रेसिंग शीट को अलग हटा दें। कुछ देर कार्ड-शीट और स्टेंसिल दोनों को सूखने दें। इससे मिट्टी का तेल उड़ जाएगा और सिर्फ नील के निशान रह जाएंगे। अब आप आवश्यकता अनुसार रंगीन पेन, स्केचपेन, पेंसिल से लकीरों को रंग सकते हैं।

इस तरह उसी स्टेंसिल से आप चाहे जितने नक्शे बना सकते हैं। फिर इन का तरह-तरह का उपयोग हो सकता है। कुछ को काटकर जिग्सॉ बना सकते हैं, कुछ में अलग-अलग रंग भरकर ढेर सारी बातें समझा सकते हैं (जैसे ज़मीन, सागर, पहाड़...)।

यही नहीं अगर स्कूल में सफेद या पीली दीवार मिले तो दीवार पर भी इसी तरह से नक्शे बना सकते हैं।

सी. एन. सुब्रह्मण्यम
(एकलव्य के सामाजिक अध्ययन शिक्षण कार्यक्रम से संबद्ध)