लगभग 3.7 करोड़ साल पूर्व अर्जेंटीना के पेटागोनिया क्षेत्र के घास के मैदान जीवन से समृद्ध थे। यहां मैदानों में घोड़े और टेपर जैसे बड़े-बड़े शाकाहारी से लेकर नुकीले दांतों वाले मार्सुपियल प्राणि और पक्षी विचरते थे। लेकिन पैरों के नीचे एक अलग कहानी चल रही थी। गोबर (विष्ठा) खाने वाले छोटे गुबरैले धीरे-धीरे सड़े हुए मांस का रुख कर रहे थे। तो क्यों?
कई दशकों तक वैज्ञानिकों का मानना था कि गुबरैलों ने लगभग 1,30,000 से 12,000 साल पहले ही मांस खाना शुरू किया था। यह भी माना जाता था कि जब दक्षिण अमेरिका के बड़े जीव जलवायु परिवर्तन और मानव शिकार के कारण विलुप्त हो गए, तो विष्ठा की कमी से गुबरैलों को मजबूरन लाशों पर निर्भर होना पड़ा।
लेकिन कई वैज्ञानिकों का मानना था कि ऐसा बड़ा बदलाव इतनी जल्दी संभव नहीं है, क्योंकि इसके लिए कई एंज़ाइम और नई संवेदी क्षमताओं की ज़रूरत होती है, जिन्हें विकसित होने में बहुत समय लगता है।
हालिया अध्ययन ने कुछ नए तथ्य उजागर किए हैं जिनसे लगता है कि गुबरैलों ने मांस खाना तभी शुरू कर दिया था जब बड़े जंतु और उनकी विष्ठा प्रचुरता से उपलब्ध थी।
समस्या यह है कि गुबरैलों के जीवाश्म बहुत कम मिलते हैं, इसलिए उनके अतीत के बारे में जानकारी सीमित थी। लेकिन उनकी एक चीज़ ज़रूर बची रही - ‘ब्रूड बॉल्स', यानी मिट्टी के वे गोले जिन्हें वे अपने अंडों की सुरक्षा और नवजातों के भोजन के लिए बनाते हैं। यही जीवाश्म अब उनके विकास की कहानी समझने की अहम कड़ी बन गए हैं।
अर्जेंटीना स्थित बर्नार्डिनो रिवादाविया नेचुरल साइंसेज़ म्यूज़ियम की वैज्ञानिक डॉ. लिलियाना कैंटिल के नेतृत्व में शोधकर्ताओं ने अर्जेंटीना, चिली, उरुग्वे और इक्वाडोर से मिले लगभग 5 करोड़ साल पुराने 5000 से ज़्यादा अश्मीभूत ब्रूड बॉल्स का अध्ययन किया।
उन्होंने पाया कि इनमें से कुछ ब्रूड बॉल्स की बनावट में एक खास तरह की संरचना थी। इनके अंदर एक छोटी-सी बाहर निकली मचान-सी (पर्च) थी। आज के गुबरैलों में यह संरचना सिर्फ उन्हीं प्रजातियों में पाई जाती है जो सड़े हुए मांस पर निर्भर रहते हैं। इनके लार्वा इस मचान पर बैठकर पास पड़े सड़े मांस को खाते हैं, न कि सीधे गोबर को।
पेलियोंटोलॉजी में प्रकाशित नतीजों के अनुसार ये विशेष संरचनाएं लगभग 3.77 करोड़ वर्ष पुराने जीवाश्मों में मिलीं। इसका मतलब है कि कुछ गुबरैलों ने बड़े जीवों के विलुप्त होने से बहुत पहले ही मांस खाना शुरू कर दिया था: गुबरैलों के भोजन में बदलाव तभी हो गया था जब घास के मैदान और बड़े शाकाहारी जीव खूब फल-फूल रहे थे। शोध दल के अनुसार यह परिवर्तन प्रतिस्पर्धा के कारण हुआ। जब बहुत-सी प्रजातियां गोबर पर निर्भर थीं, तो कुछ प्रजातियों ने मांसाहार का रास्ता अपना लिया।
यह खोज 2020 के एक जेनेटिक अध्ययन से मेल खाती है, जिसमें पाया गया था कि मांस खाने वाले गुबरैले लगभग 3.5 से 4 करोड़ साल पहले दक्षिण अमेरिका में विकसित हुए थे। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - January 2026
- धरती की सीमाएं: लांघना नहीं था, हमने लांघ दिया
- आखिर कब कम होगा ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन
- कौन कर रहा है अमेज़न को तबाह?
- बदलता मौसम और ऊंचाइयों की ओर बढ़ते जंगल
- क्या दुनिया चरम कार्बन उत्सर्जन के करीब है?
- समुद्र की आवाज़ बताएगी अम्लीयता का स्तर
- ईरान में गहराता जल संकट
- भूतिया आग को समझने में एक कदम और
- कीट जीवाश्मों के झरोखे से प्राचीन जीवन में ताक-झांक
- रंग बदलते जीवाश्मों को खोजना आसान
- मलभक्षी गुबरैले ने मांस खाना कैसे शुरू किया
- परजीवियों की बातें और रोचक अनुसंधान
- बैक्टीरिया बनाते हैं बिजली के कैबल
- बहुउपयोगी गन्ना
- प्यास लगना और बुझना
- वनस्पति-आधारित भोजन रोगों के जोखिम कम करता है
- भूख मिटाकर मोटापा भगाने वाला प्रोटीन
- दीर्घायु की प्रार्थनाएं और पुरुषों की अल्प-आयु
- चर्बी की कोशिकाओं से हड्डी का निर्माण
- दुनिया की सबसे महंगी बिल्ली-विष्ठा कॉफी का राज़
- सांप के ज़हर से बचाएगा ऊंट-परिवार का एंटीवेनम
- सामूहिक हास-परिहास का जैविक जादू
- क्या हम समय रहते हिमालय को बचा पाएंगे?
