टोनी गोल्डबर्ग प्रायमेट प्राणियों में परजीवी प्रकोप का अध्ययन करते हैं। उनके अनुभव रोचक हैं, उनके द्वारा किए गए अध्ययन महत्वपूर्ण रहे हैं और उनके पास आपके लिए कई सलाहें हैं।

हमारे शरीर पर कोई कीड़ा रेंगे तो हम क्या करेंगे? तुरंत उसे झटक कर फेंक देंगे। उसका बारीकी से अवलोकन तो दूर की बात है, अक्सर तो यह भी नहीं देखते कि कीड़ा था कौन-सा। लेकिन कीड़े-मकोड़ों (कीटों) में रुचि रखने वाले चंद लोग ऐसे मौके नहीं गंवाते। बल्कि ऐसे मौके उनके लिए कुछ नया खोजने का अवसर बन जाते हैं, जो कीटों के बारे में हमारी समझ को बढ़ाते हैं। 
ऐसे ही मौकापरस्त हैं टोनी गोल्डबर्ग। वे पेशे से वन्यजीव महामारी विज्ञानी हैं और विस्कॉन्सिन-मैडिसन विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं। परजीवियों में उनकी खासी रुचि है। उन्होंने अपनी पिछली कुछ खोजी यात्राओं के दौरान उनके शरीर पर सवार हुए परजीवी कीटों का अध्ययन कर कुछ गुत्थियां सुलझाई हैं। 
2013 में जब वे युगांडा के किबले राष्ट्रीय उद्यान गए थे तो उनकी नाक में एक किलनी (टिक) घुस गई थी। उन्होंने उसे निकाल फेंकने की बजाय उसका जेनेटिक अनुक्रमण किया, और पता चला कि वह तो किलनी की एक नई प्रजाति है।
पिछले दिनों जब वे किबले राष्ट्रीय उद्यान की यात्रा से लौटे तो उनकी कांख में मक्खी का लार्वा फंसकर आ गया। सरसरी तौर पर देखा तो लगा वह उस क्षेत्र में आम तौर पर पाई जाने वाली मक्खी का लार्वा है। लेकिन जब उन्होंने उसका जीन अनुक्रमण किया, पता चला कि ये लार्वा आम अफ्रीकी बॉट फ्लाई के लार्वा नहीं बल्कि एक दुर्लभ प्रजाति के लार्वा हैं।
इसी प्रकार से, वे किबले राष्ट्रीय उद्यान के जंगल में प्राइमेट्स का अध्ययन कर रहे थे। जिन प्राइमेट्स का वे उपचार/देखभाल कर रहे थे, उनके शरीर में उन्हें कुछ परजीवी कीट मिले। इन कीटों को देखने पर वे उप-सहारा अफ्रीका में बहुतायत में पाई जाने वाली सामान्य परजीवी मक्खी कॉर्डिलोबिया एंथ्रोपोफैगा (Cordylobia anthropophaga) लग रहे थे। लेकिन इन मक्खियों को प्राइमेट्स को संक्रमित करते कभी देखा नहीं गया था और इस बात के ज़्यादा सबूत नहीं थे कि यह प्रजाति प्राइमेट्स को संक्रमित करती है।
लिहाज़ा, उन्होंने उन कीटों को आगे अध्ययन के लिए इकट्ठा कर लिया। इस काम में उनके साथियों ने भी खूब साथ दिया – उन्होंने अपने-अपने शरीर पर चढ़ आए कीटों को निकाल-निकाल कर गोल्डबर्ग देना शुरू कर दिया। वापिस आकर जब उन्होंने इन कीटों का अनुक्रमण किया तो पता चला कि ये कीट वे मक्खियां नहीं हैं बल्कि यह उन्हीं से सम्बंधित एक अन्य दुर्लभ प्रजाति है - कॉर्डिलोबिया रोडेनी (Cordylobia rodhaini)
दिलचस्प बात यह है कि परजीवी विज्ञान में 120 सालों से यह रहस्य रहा है कि अफ्रीकी बॉट मक्खी की यह दूसरी प्रजाति (कॉर्डिलोबिया रोडेनी) रहती कहां है। और यह अध्ययन पहला ऐसा ठोस प्रमाण है कि गैर-मानव प्राइमेट इस प्रजाति के एक महत्वपूर्ण प्राकृतिक मेज़बान हैं।
एक और गौरतलब बात जो गोल्डबर्ग कहते हैं वह यह कि पूरी दुनिया में देखा जाए तो बॉट मक्खियां दुर्लभ हो सकती हैं, लेकिन हो सकता है कि जहां उनके लिए माकूल परिस्थितियां हों वहां वे प्रचुरता में मौजूद हों, जैसे किबले नेशनल पार्क। यहां उनके मेज़बान गैर-मानव प्राइमेट (यानी जिन पर उनके लार्वा पनपते हैं), अच्छी जलवायु, और उन्हें फैलने की आदर्श परिस्थिति है, जो इन मक्खियों और अन्य बॉट मक्खियों के लिए एक आकर्षक जगह हो सकती है।
तेज़ी से बदलती जलवायु और बढ़ते मानव हस्तक्षेप के मद्देनज़र बॉट मक्खियों समेत तमाम परजीवियों के बारे में जानना सिर्फ वैज्ञानिकों की रुचि का मामला नहीं है। यह कृषि और जीव-जंतुओं के स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इनका अनियंत्रित प्रसार कृषि और जीव-जंतुओं को प्रभावित करेगा। 
कुछ सामान्य बातें...
यदि आप ऐसी जगह जा रहे हैं जहां परजीवियों के आपके ऊपर सवार होकर आने की संभावना है तो आप थोड़ी ऐहतियात बरतें ताकि आप और अन्य सुरक्षित रहें। जैसे आप किबले राष्ट्रीय उद्यान या ऐसे ही जलवायु और परिस्थिति वाले किसी स्थान पर जा रहे हैं तो झाड़ियों और पेड़ों से सटकर न गुज़रे। ऐसा कर आप अपने साथ इन्हें लाने की संभावना बढ़ाते हैं। दूसरा कपड़ों को बाहर न सुखाएं। क्योंकि वयस्क मक्खी मिट्टी या अन्य गीली जगहों पर अंडे देती है। आपके गीले कपड़े अंडे देने की बढ़िया जगह बन सकते हैं। और यदि आप कपड़े बाहर सुखा भी रहे हैं तो उन्हें बिना अच्छे से इस्तरी किए न पहने, यहां तक कि अंत:वस्त्र भी। इस संदर्भ में गोल्डबर्ग ने अपने साथियों के कुछ अनुभव साझा किए हैं।
और खुदा न ख्वास्ता आप किसी परजीवी को अपने संग ले आते हैं, तो जूं के काटने-रेंगने जैसे एहसास से आपको उनकी मौजूदगी का पता चल जाएगा। जैसे ही आपको उनकी मौजूदगी का एहसास हो उनसे बचने का सबसे अच्छा उपाय है कि आप उन्हें निकाल कर अलग कर दें। कई लोग पेट्रोलियम जेली लगाने की सलाह देते हैं जो प्राय: कारगर होता है क्योंकि सांस न ले पाने के कारण लार्वा मर जाता है। लेकिन अगर लार्वा अपने किए घाव में मर जाए तो आपकी त्वचा में संक्रमण फैल सकता है। (स्रोत फीचर्स)