एम्बर (राल) पेड़ों से रिसने वाला एक तरह का तरल पदार्थ है जो रिसने के बाद ठोस हो जाता है। इसमें प्राय: कीट, पेड़-पौधों के अवशेष, फूल-पत्तियां आदि फंसकर अश्मीभूत हो जाते हैं। और एक हालिया अध्ययन बताता है कि यह अपने में न सिर्फ सजीवों की जानकारी बल्कि अतीत में आई सुनामियों की निशानियां भी कैद कर सकता है।
जापान के होक्काइडो के पास समुद्र की प्राचीन चट्टानों में एक एम्बर मिला है। ऐसा लगता है कि यह पानी के अंदर ही सख्त होता गया और अपने भीतर लाखों साल का इतिहास दर्ज करता गया।
भूमि पर तो एम्बर हवा के संपर्क की वजह से जल्दी सख्त हो जाता है। लेकिन पानी में अधिक समय तक नरम-लचीला बना रहता है। इसी वजह से पानी के तेज़ थपेड़ों के निशान इसमें दर्ज हो जाते हैं। वैज्ञानिकों ने जब इस एम्बर को पराबैंगनी रोशनी में देखा, तो इसके अंदर ऐसी आकृतियां दिखाई दीं जो आग की लपटों और गेंद व तकिया जैसी थीं, और तेज़ लहरों का संकेत होती हैं।
चट्टानों के पास अश्मीभूत वनस्पतियों के टुकड़े और बहकर आई लकड़ियों के टुकड़े भी मिले हैं, जिससे लगता है कि लौटती सुनामी की ज़ोरदार लहरों के कारण तटवर्ती जंगल का मलबा बहकर समुद्र में आ गया था। पास की तलछट की जांच करने पर मालूम हुआ कि ऐसा कई बार हुआ था और करीब 20 लाख वर्षों की अवधि में इस इलाके में कई बार सुनामी आई थी।
यह खोज इसलिए खास है क्योंकि तटों पर अतीत में आई सुनामी के सबूत मिलना मुश्किल होते हैं। हवा और लहरें उनके निशान मिटा देती हैं, और सुनामी से हुई क्षति आम तूफानों जैसी ही लगती है। लेकिन अब लगता है कि एम्बर इनका गवाह बन सकता है। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - August 2025
- जीवनरक्षक घोल (ओआरएस) ने दुनिया को बदल दिया
- अमरीकी बच्चों की सेहत पर ‘महा’ रिपोर्ट
- सराहनीय व्यक्तित्व अन्ना मणि
- सामाजिक कार्यकर्ता शिवाजी दादा
- सिंगापुर: एक भीड़-भरे शहर में हरियाली की तलाश
- हेलिकोनिया: एक अद्भुत उष्णकटिबंधीय वनस्पति वंश
- अब जानेंगे, पृथ्वी कैसे सांस ले रही है!
- मानसून की हरित ऊर्जा क्षमता
- प्लास्टिक फिल्म: तेल शोधन का भविष्य
- जलवायु संकट के असली ज़िम्मेदार कौन?
- धान की फसल को बचाएगा एक खास जीन
- संतुलित आहार, स्वस्थ बुढ़ापा
- टीके के बावजूद बढ़ता चिकनगुनिया का खतरा
- विकिरण सुरक्षा नियमों में विवादास्पद बदलाव
- क्या डे-लाइट सेविंग टाइम ज़रूरी है?
- पंजों के जीवाश्म से जैव विकास पर नई रोशनी
- मैग्नेटार: अंतरिक्ष में बेशकीमती धातुओं का कारखाना
- असाधारण उल्कापिंड से नमूना लाने को तैयार चीन
- एम्बर में छिपे सुनामी के सुराग
- मिलिए कुछ नई समुद्री प्रजातियों से