खेती-किसानी बृहस्पति के एक चांद युरोपा को जीवन के लिए संभावित स्थान माना जाता था। लेकिन अब संभावनाएं कम होती लग रही हैं। नासा के जूनो अंतरिक्ष यान से प्राप्त डैटा के अनुसार, युरोपा की बर्फीली परत पूर्व अनुमान से कहीं अधिक मोटी है। यह औसतन 35 किलोमीटर मोटी है (चार एवरेस्ट की ऊंचाई के बराबर)। यह खोज युरोपा पर जीवन की संभावना को कम करती है।
यह मापन जूनो के माइक्रोवेव रेडियोमीटर (MWR) द्वारा संभव हो पाया है। उल्काओं की टक्करों के कारण बने गड्ढों के विश्लेषणों पर आधारित पूर्व अध्ययन ने 7 से 20 किलोमीटर मोटाई की परत का अनुमान दिया था, जिसमें ऊपरी 7 किलोमीटर की परत अचल और अंदरूनी 13 किलोमीटर मोटी परत गतिशील थी। लेकिन जूनो के डैटा से पता चलता है कि यह परत हर जगह मोटी और अचल है, हालांकि मोटाई विभिन्न जगहों पर थोड़ी उन्नीस-बीस हो सकती है।
यह खोज युरोपा के जीवन योग्य होने पर गहरा प्रभाव डालती है। पतली परत महासागर को सतह के साथ रासायनिक संपर्क का मौका देती, जिससे जीवन की उत्पत्ति की संभावना बन सकती है। इसके विपरीत, मोटी परत के चलते जटिल रासायनिक क्रियाओं की संभावना कम हो जाती है। इसका मतलब यह भी है कि युरोपा के चट्टानी आंतरिक हिस्से से कम गर्मी आ रही है। यानी हाइड्रोथर्मल वेंटिंग जैसी भूगर्भीय प्रक्रियाओं के लिए भी मौके कम हैं जो जीवन को सहारा दे सकें।
इनके अलावा, अन्य अध्ययन के नतीजे भी जीवनक्षम होने की संभावना को नकारते हैं - एक अध्ययन बताता है कि बृहस्पति से निकलने वाले विकिरण के कारण युरोपा का महासागर पूर्वानुमान से कम ऑक्सीजन बनाएगा। इसके अलावा, जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप द्वारा युरोपा की सतह से भाप के फव्वारों का पता लगाने के प्रयास असफल रहे जिससे हबल स्पेस टेलीस्कोप द्वारा पूर्व में की गई जेट सम्बंधित टिप्पणियों पर संदेह पैदा हो गया है।
अब, 2030 के दशक में पहुंचने वाला नासा का युरोपा क्लिपर मिशन उन्नत रडार से लैस होगा, जो अधिक स्पष्टता प्रदान करेगा। क्लिपर का विकिरण 30 किलोमीटर की गहराई तक पहुंच सकता है, लेकिन अगर युरोपा की बर्फ जूनो द्वारा सुझाई गई माप जितनी है तो यह यंत्र भी परत का अध्ययन करने में मुश्किलों का सामना करेगा।
बर्फ की मोटी परत भविष्य के उन अभियानों के लिए भी तकनीकी चुनौतियां पेश करती है जो समुद्र की गहराई तक पहुंचने के लिए ड्रिलिंग करना चाहते हैं। जैसे-जैसे शोधकर्ता अपने मॉडल को बेहतर करते हैं और अधिक डैटा इकट्ठा करते हैं, युरोपा हमारी कल्पना और महत्वाकांक्षा को ईंधन प्रदान करता है और सारी दिक्कतों के बावजूद हम पृथ्वी के बाहर जीवन की खोज में जुटे रहते हैं। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - March 2025
- महामारी का शैक्षणिक प्रदर्शन पर असर
- वर्ष 2024 अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान जगत
- आनंदीबाई जोशी: चुनौतियां और संघर्ष
- त्रासदी के 40 साल बाद भी भारत में ढीले कानून
- वैश्विक खाद्य व्यापार: लाभ या समस्याओं की थाली?
- वृक्षों का पलायन: हिमालय के पारिस्थितिक तंत्र में बदलाव
- प्लास्टिक प्रदूषण पर लगाम के प्रयास और अड़चनें
- एंटीबायोटिक प्रतिरोध के इलाज की तलाश
- शतायु कोशिकाओं का बैंक
- वायरसों का नया नामकरण
- कोविड-19 की उत्पत्ति
- हाथ से लिखने से याददाश्त में मदद मिलती है
- नारंगी बिल्लियों का रहस्य खुला
- अल्ज़ाइमर की दवा परीक्षण में असफल
- हार्मोन ग्रंथियां: शरीर के नन्हे नियामक अंग
- गाज़ा: बच्चों पर युद्ध का मनोवैज्ञानिक असर
- मानव की दो पूर्वज प्रजातियों के पदचिंह साथ-साथ मिले
- डायनासौर धरती पर हावी कैसे हो गए
- चींटियों ने खेती लाखों साल पहले शुरू की थी
- व्हेल दोगुना जी सकती हैं, बशर्ते मनुष्य जीने दें
- बृहस्पति के चांद युरोपा की मोटी बर्फीली चादर जीवन की संभावना घटाती है
- निजी अस्पताल: दरों का मानकीकरण और रोगियों के अधिकार