तत्वों की दुनिया में निहोनियम, मॉस्कोवियम, टेनेसाइन और ओगानेसन का स्वागत है।
पिछले कुछ वर्षों में वैज्ञानिकों ने कई नए तत्व खोजे हैं। खोज के बाद उसकी पुष्टि होते-होते कई बरस लगना स्वाभाविक है क्योंकि ये नए तत्व बहुत स्थिर नहीं होते। दिखते हैं और गायब हो जाते हैं। जब इनकी खोज की घोषणा होती है तो इन्हें एक अस्थायी नाम दे दिया जाता है। यह नाम इनकी परमाणु संख्या यानी उनमें उपस्थित प्रोटॉनों की संख्या पर आधारित होता है। इसी क्रम में अब चार नए तत्वों की खोज की पुष्टि हुई है और इनके स्थायी नाम तय किए जा रहे हैं।
नाम रखने का अधिकार उन वैज्ञानिकों को दिया जाता है जिन्होंने इनकी खोज की थी। उक्त चार तत्वों की खोज रूस, यूएस और जापान के वैज्ञानिकों ने की है। नाम तो वे कुछ भी रख सकते हैं मगर शर्त यह है कि नाम में उस तत्व के किसी भौतिक या रासायनिक गुण की झलक मिले या वह किसी खनिज, स्थान, देश या वैज्ञानिक के नाम पर हो।

परमाणु संख्या 113 वाले तत्व के लिए निहोनियम (संकेत Nh) नाम प्रस्तावित है। तत्व क्रमांक 115 के लिए मॉस्कोवियम (Mc), तत्व क्रमांक 117 के लिए टेनेसाइन (Ts) और तत्व क्रमांक 118 के लिए ओगानेसन (Og) नाम का प्रस्ताव है। चाहे ये नाम कितने भी मनमाने लगें मगर ये अंतर्राष्ट्रीय रसायन संघ के नियमों के अनुरूप हैं।
सबसे गौरतलब प्रस्ताव ओगानेसन का है। इसका नाम 83-वर्षीय रूसी वैज्ञानिक युरी ओगानेसियन के नाम पर रखा गया है। वे डुबना के जॉइन्ट इंस्टीट्यूट फॉर न्यूक्लियर रिसर्च में शोधकर्ता हैं। ओगानेसियन ने कई सारे अति-भारी तत्वों की खोज में योगदान दिया है। वास्तव में यह दूसरी घटना होगी जब किसी तत्व का नाम किसी जीवित वैज्ञानिक के नाम पर रखने का प्रस्ताव आया है। इससे पहले 1993 में तत्व क्रमांक 106 का नाम ग्लेन टी सीबोर्ग के नाम पर सीबोर्गियम रखने का सुझाव उसके खोजकर्ताओं ने दिया था। शुरुआती विरोध के बाद अंतर्राष्ट्रीय रसायन संघ ने इसे स्वीकृति दे दी थी।

जैसा कि नाम से ज़ाहिर है मॉस्कोवियम का नाम मॉस्को के आधार पर रखा जाएगा। मॉस्को क्षेत्र में ही जॉइन्ट इंस्टीट्यूट फॉर न्यूक्लियर रिसर्च स्थित है। टेनेसाइन का नाम टेनेसी क्षेत्र पर आधारित है जहां कई अत्यंत महत्वपूर्ण शोध संस्थान स्थित हैं।
निहोनियम ऐसा पहला तत्व होगा जिसका नाम पूर्वी एशिया के किसी स्थान के नाम पर रखा जाएगा। पहले जापान के वैज्ञानिकों ने जेपोनियम नाम सुझाया था मगर आगे चलकर निहोनियम नाम सुझाया - निहॉन जापानी भाषा में ‘जापान’ का ही एक और उच्चारण है। (स्रोत फीचर्स)