किलर व्हेल की तेज़ गति, बुद्धिमत्ता और पैने दांत उन्हें समुद्र का सबसे ताकतवर शिकारी बनाते हैं। करंट बायोलॉजी में प्रकाशित रिपोर्ट बताती है कि मुठभेड़ों के दौरान किलर व्हेल माताएं अपने पुत्रों की रक्षा करती हैं और उनका विशेष ख्याल रखती हैं। शोधकर्ताओं का मत है कि ऐसा करते हुए वे अपने जीन्स के अगली पीढ़ियों में हस्तांतरित होने की संभावना बढ़ाती हैं।
प्रशांत महासागर के उत्तर-पश्चिमी तट की किलर व्हेल जटिल सामाजिक विविधता के लिए प्रसिद्ध हैं। इनका प्रत्येक पॉड (समूह) मातृप्रधान व्यवस्था में गुंथा होता है जिसमें एक बुज़ुर्ग (प्रधान) मादा, उसकी संतानें और उसकी पुत्रियों की संतानें शामिल होती हैं। नर अन्य समूह की मादाओं के साथ संभोग करते हैं लेकिन नर-मादा दोनों ही जीवन भर अपनी मां के साथ रहते हैं।
मनुष्यों के अलावा इनका कोई प्राकृतिक शिकारी नहीं है, इसलिए इनके शरीर पर दांतों के निशान अन्य व्हेल के हमलों का संकेत देते हैं। एक्सेटर विश्वविद्यालय की चार्ली ग्रिम्स इन हमलों के पैटर्न को समझना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने सेंटर फॉर व्हेल रिसर्च की फोटोग्राफिक जनगणना डैटा की मदद से 1976 से लेकर अब तक किलर व्हेल के शरीर पर निशानों के साक्ष्य एकत्रित किए।
उन्हें मादा व्हेल की तुलना में नर व्हेल पर अधिक घाव दिखे। कई नर ऐसे भी थे जिन्हें अन्य की तुलना में कम चोटें आई थीं। ग्रिम्स को लगा कि इसका सम्बंध 2012 के एक अध्ययन के नतीजों से हो सकता है जिसमें पाया गया था कि एक बुज़ुर्ग मादा व्हेल की उपस्थिति मात्र से उसकी नर संतानों के जीवित रहने की संभावना में वृद्धि होती है। इसे देखने के लिए टीम ने किलर व्हेल के पिछले 47 वर्षों के रिकॉर्ड का अध्ययन किया। उन्होंने पाया कि उन नर व्हेलों के शरीर पर दांतों के निशान कम थे जिनकी मां जीवित थी और प्रजनन उम्र पार कर चुकी थी, जबकि अनाथ और प्रजनन आयु की माताओं के साथ रहने वाले नरों को सबसे अधिक चोटें आईं थीं। इन परिणामों से पता चलता है कि प्रजनन आयु की व्हेल की अपेक्षा रजोनिवृत्त व्हेल अपने पुत्रों को सामाजिक संघर्ष से बचाती हैं। शोधकर्ताओं का यह भी मानना है कि माताएं झगड़ों में शारीरिक रूप से हस्तक्षेप नहीं करती बल्कि वे अपने प्रभाव का उपयोग करके हिंसा शुरू ही नहीं होने देतीं। रजोनिवृत्त मां की पुत्रियों और प्रजनन करती मां की पुत्रियों के बीच कोई अंतर नहीं दिखता है। 
पुत्र-रक्षा का कारण जैव विकास से सम्बंधित हो सकता हैं - समूह की मादाओं के शिशुओं के पालन की ज़िम्मेदारी मादा का पूरा समूह उठाता है। नर अपने समूह के बाहर संभोग करते हैं और अपनी संतानों के पालन-पोषण का बोझ दूसरे समूह को सौंप देते हैं। अपने पुत्रों को प्राथमिकता देकर प्रधान मादा अपने समूह के संसाधनों को खर्च किए बिना अपने जीन्स को अगली पीढ़ी में पहुंचा सकती है।
इस डैटा से रजोनिवृत्ति के काफी समय बाद तक मादाओं के जीवित रहने के कारण भी स्पष्ट होते हैं: ऐसी मादाएं समूह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रिम्स इन पर और अध्ययन करना चाहती हैं। (स्रोत फीचर्स)