हाथ हिलाकर विदा कहना, झुककर अभिवादन करना, ठेंगा दिखाना, ऐसे कई इशारे या भंगिमाएं हम अभिव्यक्ति के लिए इस्तेमाल करते हैं। हाल ही में वैज्ञानिकों ने आपस में इसी तरह मेलजोल करते एक ‘शिष्ट’ पक्षी जोड़े को देखा है।
जापान के नागानो में लिए गए वीडियो में दो जापानी टिट पक्षी (Parus minor) कैद हुए हैं। वीडियो में दिखता है कि जब पक्षियों का ये जोड़ा अपने चूज़ों के लिए भोजन लेकर घोंसले को लौटता है तो मादा घोंसले के पास वाली डाल पर जाकर बैठ जाती है और पंख फड़फड़ा कर अपने साथी को पहले घोंसले में जाने का इशारा करती है। जब साथी घोंसले के अंदर चला जाता है तो उसके पीछे-पीछे वह भी घोंसले मे चली जाती है।
करीब 8 पैरस माइनर जोड़ों के 300 से अधिक बार घोंसले में लौटने के अवलोकनों से पता चला कि मादाओं का फड़फड़ाना अधिक था; वे फड़फड़ा कर ज़ाहिर करती हैं कि उनके साथी पहले घोंसले में जाएं और वे उनके अंदर जाने तक रुकी रहती हैं। लेकिन जब मादा पंख नहीं फड़फड़ाती तो इसका मतलब होता है वह पहले घोंसले में जाना चाहती है। पक्षियों में ‘पहले आप’ की शिष्टता उजागर करते ये नतीजे करंट बायोलॉजी में प्रकाशित हुए हैं।
मादा पंख फड़फड़ाते हुए अपने साथी की ओर मुखातिब थी, न कि घोंसले की ओर। इससे पता चलता है वह केवल घोंसले का पता नहीं बता रही थी बल्कि कोई संदेश भी दे रही थी। रुचि की किसी चीज़ की ओर ध्यान आकर्षित करने का व्यवहार कौवों सहित अन्य पक्षियों में देखा गया है, लेकिन सांकेतिक इशारों को अधिक जटिल माना जाता है। इस तरह से संदेश देने के व्यवहार इसके पहले प्रायमेट्स के अलावा अन्य किसी प्राणि में नहीं देखे गए हैं।
इसका वीडियो यहां देख सकते हैं: https://www.science.org/content/article/after-you-female-bird-s-flutter-conveys-polite-message-her-mate (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - June 2024
- हवा की बजाय समंदरों से कार्बन कैप्चर की नई पहल
- बारिश और नमी से ऊर्जा का उत्पादन
- क्या साफ आकाश धरती को गर्म करता है?
- विज्ञान शिक्षा में विज्ञान के इतिहास और दर्शन की ज़रूरत
- क्या मानव मूत्र वन संरक्षण में मदद कर सकता है?
- धरती की जीवनदायिनी स्थितियां खतरे में हैं
- मौसम को कृत्रिम रूप से बदलने के खतरे
- क्या फूल पौधों के कान हैं
- चंदन के पेड़ उगाने की जुगत
- क्या अश्वगंधा सुरक्षित है?
- नारियल के फायदे अनेक
- जनसंख्या वृद्धि उम्मीद से अधिक तेज़ी से गिर रही है
- मितली होने पर भूख क्यों मर जाती है
- जेरोसाइंस: बढ़ती उम्र से सम्बंधित विज्ञान
- निजी स्वास्थ्य सेवा में सुधार की तत्काल आवश्यकता
- डिप्रेशन की दवाइयां और चूहों पर प्रयोग
- पक्षी भी करते हैं ‘पहले आप!’, ‘पहले आप!’
- क्या वुली मैमथ फिर से जी उठेगा?
- दाएं-बाएं हाथ की वरीयता क्या जीन्स तय करते हैं?
- भारत में विज्ञान अनुसंधान की बढ़ती चिंताएं
- नदियों का संरक्षण और जानकारी की साझेदारी