हाल ही में उत्तर-पश्चिमी चीन के गान्सु प्रांत में पाए गए जीवाश्मों से विशाल गैंडा की एक नई प्रजाति पहचानी गई है। यह प्रजाति लगभग 2.65 करोड़ वर्ष पूर्व ओलिगोसीन युग के दौरान पाई जाती थी। नई प्रजाति (पैरासेराथेरियम लिनज़िएंज़) विलुप्त हो चुके सींगरहित गैंडा वंश से सम्बंधित है।
विशाल गैंडे को पृथ्वी के अब तक के सबसे बड़े स्तनधारियों में गिना जाता है। चाइनीज़ एकेडमी ऑफ साइंस के प्रोफेसर टाओ डेंग और उनके सहयोगियों के अनुसार इसकी खोपड़ी और पैर अब तक ज्ञात सभी स्तनधारियों की तुलना में लंबे हैं लेकिन इसके पैर की बड़ी हड्डी बहुत विशाल नहीं है।
डेंग आगे बताते हैं कि इस जीव का आकार आर्द्र या शुष्क जलवायु वाले खुले जंगली क्षेत्रों के लिए उपयुक्त था। पूर्वी युरोप, एनाटोलिया और कॉकेशस में पाए गए कुछ अवशेषों को छोड़कर, विशाल गैंडे मुख्य रूप से एशिया में चीन, मंगोलिया, कज़ाकस्तान और पाकिस्तान के क्षेत्रों में रहते थे। गौरतलब है कि मध्य इओसीन युग से ओलिगोसीन युग के अंत तक विशाल गैंडे के सभी छह वंश चीन के उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रों में पाए जाते थे। इनमें पैरासेराथेरियम वंश के गैंडे सबसे अधिक संख्या में थे। इनकी उपस्थिति के अधिकांश प्रमाण पूर्वी और मध्य एशिया के क्षेत्रों में मिले हैं जबकि पूर्वी युरोप और पश्चिमी एशिया में इनके खंडित नमूने प्राप्त हुए हैं। केवल तिब्बती पठार के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में पैरासेराथेरियम बगटिएन्स प्रजाति के पर्याप्त और स्पष्ट प्रमाण प्राप्त हुए हैं।
गौरतलब है कि पैरासेराथेरियम लिनज़िएंज़ के जीवाश्मों में एक पूर्ण खोपड़ी, कुछ रीढ़ की हड्डियां और जबड़े की हड्डी प्राप्त हुए हैं। विश्लेषण से पता चला है कि पैरासेराथेरियम लिनज़िएंज़ अपने वंश की सबसे विकसित प्रजाति थी।
कम्युनिकेशन्स बायोलॉजी में प्रकाशित नतीजों के अनुसार ओलिगोसीन युग की शुरुआत में पैरासेराथेरियम प्रजातियां पश्चिम की ओर कज़ाकस्तान की ओर फैली जबकि इनके वंशजों का विस्तार दक्षिण एशिया में हुआ। इसके बाद ओलिगोसीन युग के आगे के दौर में पैरासेराथेरियम तिब्बती क्षेत्र को पार करते हुए उत्तर की ओर लौटे और पश्चिम में कज़ाकस्तान में पूर्व में लिंज़िया घाटी की ओर उभरे। गौरतलब है कि ओलिगोसीन युग के आखरी दौर की उष्णकटिबंधीय परिस्थितियों ने विशालकाय गैंडे को मध्य एशिया की ओर आकर्षित किया जो इस बात के संकेत देता है कि उस समय तक तिब्बत का क्षेत्र ऊंचे पठार के रूप में विकसित नहीं हुआ था।
अनुमान है कि ओलिगोसीन युग के दौरान, विशाल गैंडे शायद तिब्बत को पार करते हुए या टेथिस महासागर के पूर्वी तट के रास्ते मंगोलियाई पठार से दक्षिण एशिया तक फैले थे। इस विशाल गैंडे के तिब्बती क्षेत्र पार करके भारत-पाकिस्तान उपमहाद्वीप तक पहुंचने के अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। एक बात तो साफ है कि तिब्बत का पठार उस समय तक इन बड़े स्तनधारी जीवों के विचरण में बाधा नहीं बना था। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - September 2017
- रक्षक रसायनों के असर से शाकाहारी बने मांसाहारी
- जल, थल मल : आदमजात को आईना दिखाती एक अनूठी किताब
- प्रोफेसर यश पाल का जाना
- प्रसिद्ध वैज्ञानिक प्रोफेसर यू.आर. राव का जाना
- प्रसिद्ध वैज्ञानिक पी.एम. भार्गव नहीं रहे
- ध्रुवीय भालुओं पर बर्फ खिसकने का असर
- लीची से मौतों पर विवाद जारी है
- प्रयोगशाला में वायरस बनाया गया
- अहमदाबाद अब विश्व धरोहर शहर
- जीनोमिक टीका आशा जगा रहा है
- गर्भधारण और गर्भनिरोधक: कहानी सहेली की
- कहीं पर्यावरण विरोधी तो नहीं कचरे से बिजली?
- फिर हमला कर सकता है रैंसमवेयर
- ग्रहों की व्यवस्था ब्राहृांड में एक-सी है
- ज़्यादातर अमरीकी बच्चों का जन्म सुबह 8 बजे
- काले होने का क्रीम
- प्राचीन काल का महान वैज्ञानिक हिपार्कस
- नींद की कमी कोशिकाओं को बूढ़ा करती है
- कैसे बचेगी जैव विविधता?
- पौधों में सूखे से निपटने के बेशुमार रास्ते
- स्कूलों में साफ पेयजल की उपलब्धि ज़रूरी
- कुत्तों की इंसानों से इतनी दोस्ती कैसे
- क्या आप मच्छरों को लुभाते हैं?
- जंतु-मुक्त मांस बाज़ार में आने वाला है
- प्रोटॉन हमारी कल्पना से हल्के हैं
- टी. रेक्स की त्वचा पर पंख थे या शल्क?
- मध्यम आकार के प्राणि सबसे तेज़ क्यों?
- मधुमक्खियों पर कीटनाशकों का प्रभाव
- रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी और कैंसर