ब्रिस्टल विश्वविद्यालय के ध्वनि जीव विज्ञानी मार्क होल्डरीड और उनकी टीम ने हाल ही में पता लगाया है कि पतंगों के ध्वनि-शोषक पंख उन्हें चमगादड़ों का शिकार बनने से बचाते हैं। पतंगों के पंख से जुड़ी शल्कों की परतें चमगादड़ द्वारा भेजी गई पराध्वनि (यानी ऊंची आवृत्ति की ध्वनि) को सोख लेती हैं। जिससे प्रतिध्वनि चमगादड़ों तक नहीं पहुंच पाती और पतंगे बच जाते हैं। गौरतलब है कि चमगादड़ आवाज़ें फेंकते हैं और किसी वस्तु से टकराकर आई उनकी प्रतिध्वनि की मदद से वस्तुओं की स्थिति का अनुमान लगाते हैं।
टीम को ये शल्की लबादे पतंगों की दो प्रजातियां, चीनी टसर मोथ (एंथेरा पेर्नी) और अफ्रीकी पतंगा डैक्टिलोसेरस ल्यूसिना, में दिखे। कांटे (फोर्क) जैसी संरचना वाले इन शल्कों की कई परतें पतंगों के पंखों की झिल्ली से जुड़ी होती हैं। शिकारी चमगादड़ों द्वारा छोड़ी गई अल्ट्रासाउंड आवृत्तियां जब इन शल्कों से टकराती हैं तो वे मुड़ जाते हैं और ध्वनि की ऊर्जा गतिज ऊर्जा में परिवर्तित हो जाती है। इससे वापस चमगादड़ों तक पहुंचने वाली प्रतिध्वनि बहुत दुर्बल होती है। अर्थात ये पतंगे चमगादड़ों के सोनार से ओझल या लगभग ओझल रहते हैं और शिकार होने से बच जाते हैं। इन दो पतंगों के चयन का एक विशेष कारण यह भी था कि इनमें चमगादड़ों द्वारा प्रेषित आवाज़ को सुनने के लिए कान नहीं होते। इन पतंगों में यह क्षमता शायद इसलिए विकसित हुई होगी क्योंकि ये निकट आते शिकारी चमगादड़ की ध्वनि को सुन नहीं सकते।
ये शल्क एक मिलीमीटर से भी छोटे होते हैं, और इनकी मोटाई केवल चंद सौ माइक्रोमीटर होती है। प्रत्येक शल्क ध्वनि की एक विशेष आवृत्ति पर अनुनाद करता है। लेकिन दसियों हज़ार शल्क मिलकर ध्वनि के कम से कम तीन सप्तक को अवशोषित कर सकते हैं। कुल मिलाकर स्थिति यह है कि प्रत्येक शल्क एक खास आवृत्ति पर अनुनाद करके उसे सोख लेता है लेकिन इनकी जमावट कुछ ऐसी होती है कि सब मिलकर एक महा-अवशोषक की तरह काम करते हैं।
यह ध्वनि-शोषक लबादा 20 किलोहर्ट्ज़ से 160 किलोहर्ट्ज़ आवृत्ति के बीच काम करता है। और यह सबसे बढ़िया काम उन निम्नतर आवृत्तियों पर करता है जो चमगादड़ अपने शिकार का पता करने के लिए उपयोग करते हैं। लबादे ने 78 किलोहर्ट्ज़ पर सबसे अधिक ध्वनि, लगभग 72 प्रतिशत का अवशोषण किया।
पहले ये शोधकर्ता दर्शा चुके हैं कि कुछ पतंगों के पंखों पर उपस्थित रोम भी ध्वनि को सोखकर बचाव में मदद करते हैं। अब उन्होंने यह नई तकनीक खोज निकाली है। उम्मीद है कि ध्वनि अवशोषण की नई तकनीक से बेहतर ध्वनि अवशोषक उपकरण बनाने में मदद मिलेगी। घरों-दफ्तरों में ध्वनि-अवशोषक पैनल का स्थान ध्वनि-अवशोषक वॉलपेपर ले सकते हैं।(स्रोत फीचर्स)
-
Srote - May 2019
- पांच सौ साल चलेगा यह प्रयोग!
- कैंसर के उपचार के दावे पर शंकाएं
- आंत के सूक्ष्मजीव मनोदशा को प्रभावित करते हैं
- माइक्रोवेव में रखे अंगूर से चिंगारियां
- तीसरी पास कृषि वैज्ञानिक - दादाजी खोब्रागड़े
- अपने खुद के रक्तदाता बनिए
- एक दुर्लभ ब्लड ग्रुप की जांच संभव हुई
- विज्ञान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और छद्म विज्ञान
- भारत में आधुनिक विज्ञान की शुरुआत
- पृथ्वी का चुंबकीय क्षेत्र गायब भी हुआ था
- सौर मंडल के दूरस्थ पिंड की खोज
- क्या चांद के चांद हो सकते हैं?
- पेंग्विन के अंडों की कुल्फी क्यों नहीं बन जाती
- कयामत की घड़ी नज़दीक आई
- नई कोयला खदान खोलने पर रोक
- वेटलैंड एक महत्वपूर्ण इकोसिस्टम है
- बिल्ली की सफाई का रहस्य
- मधुमक्खियां जोड़-घटा भी सकती हैं
- कितने समय से पांडा सिर्फ बांस खाकर ज़िन्दा है
- कीटों की घटती आबादी और प्रकृति पर संकट
- पंख के जीवाश्म से डायनासौर की उड़ान पता चला
- उन्नीसवीं सदी की रिकार्डेड आवाज़ सुनी गई
- माजूफल: फल दिखता है, फल होता नहीं
- कॉफी पर संकट: जंगली प्रजातियां विलुप्त होने को हैं
- सबके लिए शीतलता
- ई-कचरे के विरुद्ध शुरू हुआ सार्थक अभियान
- खेती के लिए सौर फीडर से बिजली
- नाभिकीय संलयन क्रिया बच्चों का खेल है