वृक्ष मेंढक चटख हरे होते हैं। लेकिन उन्हें हरा बनाता कौन है? ताज़ा शोध बताता है कि उनकी चमड़ी के नीचे उपस्थित नीला पदार्थ उन्हें हरा बनाता है। यह हरा रंग उन्हें अपने आसपास के परिवेश में घुल-मिलकर ओझल होने में मदद करता है। लेकिन यह एक पहेली रही है कि कैसे ये मेंढक यह हरा रंग अपनी चमड़ी के नीचे जमा करके रखते हैं जबकि यह अत्यंत विषैला होता है।
दरअसल, शोधकर्ता यही समझने की कोशिश कर रहे थे कि वृक्ष मेंढकों की सैकड़ों प्रजातियां कैसे इस विषैले हरे रंजक बिलिवर्डिन को इतनी भारी मात्रा में जमा करके रख पाती हैं। अधिकांश प्राणियों के लिए बिलिवर्डिन इतना विषैला होता है कि इसे तत्काल नष्ट कर दिया जाता है अथवा उत्सर्जित कर दिया जाता है। उदाहरण के लिए, मनुष्यों में जब लाल रक्त कोशिकाएं नष्ट होती हैं तो बिलिवर्डिन बनता है। कभी-कभी खरोचों पर जो हरापन दिखता है वह इसी के कारण होता है।
लेकिन वृक्ष मेंढक इतनी भारी मात्रा में बिलिवर्डिन जमा करते हैं तो उन्हें कोई नुकसान क्यों नहीं होता? होता यह है कि इन मेंढकों में बिलिवर्डिन छुट्टा नहीं छोड़ा जाता। शोधकर्ताओं ने आठ प्रजातियों में से यह रंजक प्राप्त किया और पाया कि यह काफी टिकाऊ भी था और हानिरहित भी। टीम ने प्रोसीडिंग्स ऑफ दी नेशनल एकेडमी ऑफ साइन्सेज़ में बताया है कि इन मेंढकों में बिलिवर्डिन एक अन्य प्रोटीन सर्पिन के साथ जुड़कर एक संकुल बना लेता है। यह संकुल उन्हें लसिका ग्रंथियों, मांसपेशियों और त्वचा जैसे सारे अंगों में मिला। मज़ेदार बात है कि यह संकुल नीला होता है। और मेंढक हरे इसलिए दिखते हैं कि उनकी त्वचा थोड़ी पीली होती है और नीला व पीला मिलकर हरा बना देते हैं। इसीलिए जिन हिस्सों की त्वचा में पीलापन नहीं होता, वहां मेंढक नीला ही नज़र आता है। जैसे मेंढक के पेट वाला हिस्सा।
और तो और, नीले-पीले का यह मिश्रण दिन भर एक-सा नहीं रहता। दिन के समय नीला रंजक पूरे शरीर में फैल जाता है, जिससे मेंढक परिवेश में नज़र नहीं आता और मज़े से सो सकता है। दूसरी ओर, रात के समय यह प्रोटीन-संकुल मेंढक की टांगों और आंतों में इकट्ठा हो जाता है। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - June 2018
- चलने वाली मछलियां और पैरों से चलने का विकास
- दांतों में दर्द आज की समस्या नहीं
- संकेत भाषा के अक्षरों के रंग!
- कुछ कीड़े पेट पर नहीं, पेट में सवारी करते हैं
- जानकारियां
- पत्थर तराशकर हीरा निर्माण की कथा
- मानव जीवन: तारों की देन
- ना सुन पाने वालों के लिए सौगात
- अंतरिक्ष में ‘जुड़वां’ अध्ययन और मीडिया
- मनुष्य चमगादड़ों की तकनीक अपनाते हैं
- नश्तर मछली की बिजली की सबसे तेज़ चमक
- समुद्री स्तनधारी जीव आकार में बड़े क्यों होते हैं?
- परमाणु देखने का सूक्ष्मदर्शी
- मिट्टी के बैक्टीरिया से बिजली औेर पौधों से प्रकाश
- भारत में डीएनए फिंगर प्रिंटिंग और लालजी सिंह
- सीसा: विषैलापन बनाम मुनाफा
- मनोरोगी अन्य लोगों की सोच पर ध्यान नहीं देते हैं
- जननांग स्वायत्तता का सवाल
- कृत्रिम बुद्धि मानव सभ्यता के लिए खतरा
- भारत-फ्रांस मिलकर बनाएंगे सोलर ऊर्जा
- स्टेम कोशिका उपचार से दृष्टि बहाल हुई
- मुर्गे की बांग और शरीर घड़ी
- पर्यावरण विनाश की ताज़ा रिपोर्ट
- कम खाओ, लंबी उम्र पाओ
- उंगलियां चटकाने की आवाज़ कहां से आती है?
- विज्ञान में लिंग भेद के प्रति बदलता नज़रिया
- मैरी एंडरसन: विंडशील्ड वाइपर