हाल ही में फ्रांस के वायरस वैज्ञानिक और एड्स-वायरस (एच.आई.वी.) की खोज के लिए 2008 में चिकित्सा के नोबेल पुरस्कार विजेता ल्यूक मॉन्टेनियर ने दावा किया है कि सार्स-सीओवी-2 वायरस मानव निर्मित है। उनके अनुसार यह वायरस चीन की प्रयोगशाला में एड्स वायरस के खिलाफ वैक्सीन बनाने के प्रयास के दौरान असावधानीवश लीक हुआ है।
ल्यूक ने यह दावा कर पूरी दुनिया के विज्ञान और राजनीतिक खेमों में हलचल मचा दी है। ल्यूक ने एक फ्रेंच चैनल के साथ इंटरव्यू में कहा है कि “कोरोना वायरस के जीनोम में एचआईवी सहित मलेरिया के कीटाणु के तत्व पाए गए हैं, जिससे शक होता है कि यह वायरस प्राकृतिक रूप से पैदा नहीं हो सकता। चूंकि वुहान की बायोसेफ्टी लैब साल 2000 के आसपास से ही कोरोना वायरसों को लेकर विशेषज्ञता के साथ रिसर्च कर रही है इसलिए यह नया कोरोना वायरस एक तरह के औद्योगिक हादसे का नतीजा हो सकता है।”
ल्यूक आगे कहते हैं कि “अगर हम इस वायरस के जीनोम (आनुवंशिक संरचना) को देखें तो यह आरएनए की एक लंबी शृंखला है। इस शृंखला में चीन के आणविक जीव वैज्ञानिकों ने एचआईवी की कुछ छोटी-छोटी कड़ियां जोड़ दी हैं। और इन्हें छोटा रखने का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इससे एंटीजेन साइट्स (वायरस की बाहरी सतह जिससे इसका मुकाबला करने वाली हमारे शरीर की एंटीबॉडीज़ जुड़ती हैं) में बदलाव किया जा सकता है जिससे वैक्सीन बनाने में मदद मिलती है। यह काम बहुत सटीक है। किसी घड़ीसाज़ के काम जैसा बारीक!”
गौरतलब है कि ल्यूक जीव विज्ञानी जेम्स वाटसन की तरह एक विवादित शख्सियत रहे हैं। इससे पहले उनके दो शोध पत्रों पर काफी विवाद हुआ था। एक में उन्होंने डीएनए से विद्युत-चुंबकीय तरंगें निकलने और दूसरे में एड्स और पार्किंसन रोग को ठीक करने में पपीते के फायदे पर बात की थी। उनके इन शोध पत्रों की वैज्ञानिक समुदाय में काफी आलोचना हुई थी। इसी तरह वे होम्योपैथी के बड़े हिमायती माने जाते हैं जबकि वास्तविकता में होम्योपैथी छद्मवैज्ञानिक चिकित्सा प्रणाली है। ल्यूक यह भी मानते हैं कि बचपन में लगाए जाने वाले टीकों से ऑटिज़्म होता है जबकि इस धारणा के विरुद्ध काफी पुख्ता वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद हैं।
दुनिया भर के कई वैज्ञानिकों ने ल्यूक के दावे का खण्डन किया है और कहा है कि ऐसे अवैज्ञानिक दावों से उनकी वैज्ञानिक साख तेज़ी से नीचे गिर रही है। यह देखकर आश्चर्य होता है कि आज ल्यूक जैसे वैज्ञानिक विज्ञान के मूल आधारों - तर्क, युक्ति, विवेक, अनुसंधान, प्रयोग और परीक्षण - को नष्ट करने का काम कर रहे हैं। इसे विवेक पर विवेकहीनता का हमला भी कह सकते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन कह चुका है इस बात का कोई सबूत नहीं है कि यह वायरस किसी लैब में तैयार किया गया है। इससे पहले प्रतिष्ठित पत्रिका नेचर मेडिसिन में प्रकाशित एक शोध पत्र से यह पता चलता है कि यह वायरस कोई जैविक हथियार न होकर प्राकृतिक है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर यह वायरस लैब निर्मित होता तो सिर्फ-और-सिर्फ इंसानों की जानकारी में आज तक पाए जाने वाले कोरोना वायरस की जीनोम शृंखला से ही इसका निर्माण किया जा सकता, मगर वैज्ञानिकों द्वारा जब कोविड-19 के जीनोम को अब तक की ज्ञात जीनोम शृंखलाओं से मैच किया गया तब वह एक पूर्णतया प्राकृतिक और अलग वायरस के तौर पर सामने आया है। नॉवेल कोरोना वायरस का जीनोम चमगादड़ और पैंगोलिन में पाए जाने वाले बीटाकोरोना वायरस के समान है।
ल्यूक की पूरी थ्योरी एक ही आधार पर टिकी है कि सार्स-सीओवी-2 नामक वायरस के पूरे जीनोम में एचआईवी-1 के कुछ न्यूक्लिओटाइड अनुक्रम पाए गए हैं। बाकी का बयान इसी आधार पर ल्यूक की परिकल्पना है। अब इस आधार को कैसे समझा जाए?
युरोपियन साइंटिस्ट में प्रकाशित एक लेख में ल्यूक की इस थ्योरी का पूरा विश्लेषण करते हुए नॉवेल कोरोना वायरस यानी सार्स-सीओवी-2 और एचआईवी-1 के जेनेटिक कोड्स बताकर समझाया गया है कि दोनों में कोई सीधी समानता नहीं है। कहा गया है कि सार्स-सीओवी-2 में एचआईवी का कोई भी अंश नहीं मिला है। तमाम वैज्ञानिक बारीकियों के ज़रिए समझाने के बाद इस विश्लेषण में लिखा गया है कि नॉवेल कोरोना वायरस कहां से पैदा हुआ, इसके बारे में संभावित और तार्किक परिकल्पनाएं पहले ही आ चुकी हैं।
लगातार कई भ्रामक थ्योरीज़ सामने आ रही हैं लेकिन अगर आप सच्चाई जानना चाहते हैं तो नेचर पत्रिका के उस लेख को पढ़ें जिसमें नए कोरोना वायरस के जीनोम को लेकर विस्तार से चर्चा है और दूसरे कोरोना वायरसों के साथ इसके अंतर को स्पष्ट रूप से समझाया गया है।
अमेरिका के सर्वोच्च चिकित्सा विशेषज्ञों में शामिल डॉ. एंथनी फॉकी कह चुके हैं कि “यह वायरस जानवरों की प्रजातियों से मनुष्यों में पहुंचा है।” दूसरी ओर, विश्व स्वास्थ्य संगठन के रीजनल इमरजेंसी डायरेक्टर रिचर्ड ब्रेनन ने कहा था कि ‘यह वायरस प्रथम दृष्ट्या ज़ुओनोटिक है यानी जंतु प्रजातियों से फैला है।” पेरिस के वायरस वैज्ञानिक इटियेन सिमोन लॉरियर ने ल्यूक के दावे को खारिज करते हुए कहा है कि “नोबेल विजेता ल्यूक का दावा तार्किक नहीं है क्योंकि अगर बहुत सूक्ष्म तत्व समान हैं भी तो ये तत्व पिछले कोरोना वायरसों में भी मिले हैं। यानी अगर किताब से हम कोई शब्द लें, जो किसी दूसरे शब्द से मिलता-जुलता हो तो क्या यह कहा जा सकता है कि किसी ने उस शब्द की नकल करके दूसरा शब्द बनाया है। यह अनर्गल प्रलाप है।” संक्षेप में ल्यूक के दावों का कोई वैज्ञानिक आधार नही है।(स्रोत फीचर्स)
-
Srote - April 2019
- कैंसर को चुनौती के नए आयाम
- क्या युवा खून पार्किंसन रोग से निपट सकता है?
- अंग प्रत्यारोपण के साथ एलर्जी भी मिली
- जैव-विद्युत संदेश और अंगों का पुनर्जनन
- चीनी यान चांद के दूरस्थ हिस्से पर उतरा
- चांद पर पौधे उगाए गए
- चांद पर कपास के बीज उगे, अंकुर मर गए
- समुद्र के पेंदे से 200 फीट नीचे सूक्ष्मजीव पाए गए
- आकाश गंगा : कुछ रोचक तथ्य
- क्या असमय मृत्यु की शिकार होगी आकाशगंगा?
- रोगों की पहचान में जानवरों की भूमिका
- जीन संपादन: संभावनाएं और चुनौतियां
- घाव के इलाज में तैनात इल्लियां
- प्रयोगशाला में अनेक सिर वाला जीव बनाया गया
- एक महिला जो पुरुषों की आवाज़ नहीं सुन सकती
- एक टिकाऊ भविष्य के लिए आहार में परिवर्तन
- यदि आपके बच्चे सब्ज़ियां नहीं खाते
- मानव शिशु चिम्पैंज़ी-शब्दकोश का उपयोग करते हैं
- अदृश्य पदार्थ का ताज़ा अध्ययन
- पृथ्वी ने एक ग्रह को निगला और जीवन अस्तित्व में आया
- सामान्य तापमान पर अतिचालकता
- नए वर्ष में धरती की रक्षा से जुड़ें
- निशस्त्रीकरण आंदोलन की बढ़ती ज़रूरत
- प्राकृतिक तटरक्षक: मैंग्रोव वन
- चावल की भूसी से लकड़ी
- तोंद की चर्बी का सम्बंध दिमाग से है
- विज्ञान के दर्शन और इतिहास के पुरोधा: देबीप्रसाद चट्टोपाध्याय
- विज्ञान का मिथकीकरण
- सेल्फी एलर्ट ऐप देगा जानलेवा सेल्फी की चेतावनी