मीठा खाना हम सबको पसंद है, लेकिन अधिक चीनी के सेवन से वज़न बढ़ने, मोटापे, टाइप-2 मधुमेह और दंत रोग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मीठा खाने से खुद को रोक पाना इतना कठिन होता है कि मानो मस्तिष्क को मीठा खाने के लिए प्रोग्राम किया गया हो। वैज्ञानिक इस बात का अध्ययन कर रहे हैं कि मोटापा बढ़ाने वाला भोजन मस्तिष्क और व्यवहार को कैसे प्रभावित करता है और इससे निपटने के लिए क्या किया जा सकता है।
ग्लूकोज़ मस्तिष्क कोशिकाओं सहित अन्य कोशिकाओं के लिए ईंधन का काम करता है। हमारे आदिम पूर्वजों के लिए मीठे खाद्य पदार्थ ऊर्जा के बेहतरीन स्रोत थे जिसके चलते मनुष्य विशेष रूप से मीठे खाद्य पदार्थों को पसंद करने लगे। कड़वा, खट्टा स्वाद कच्चे फलों का या ज़हरीला हो सकता है।
मीठे का सेवन करने पर हमारे मस्तिष्क की डोपामाइन प्रणाली सक्रिय हो जाती है जो एक तरह के पारितोषिक का काम करती है। इस रसायन को मस्तिष्क एक सकारात्मक संकेत के रूप में दर्ज करता है। यह रसायन उसी कार्य को फिर से करने के लिए प्रेरित करता है और हमारा आकर्षण मिठास के प्रति बढ़ जाता है। लेकिन क्या चीनी का अत्यधिक सेवन मस्तिष्क पर कोई नकारात्मक प्रभाव डालता है?
न्यूरोप्लास्टिसिटी नामक प्रक्रिया के माध्यम से मस्तिष्क खुद का पुनर्लेखन करता है। दवा या अधिक चीनी युक्त पदार्थों का बार-बार सेवन करने से यह प्रणाली मस्तिष्क को इस उद्दीपन के प्रति उदासीन कर देती है और एक तरह की सहनशीलता उत्पन्न होती है। इसके चलते वही असर प्राप्त करने के लिए आपको उस चीज़ का ज़्यादा मात्रा में सेवन करना होता है। इसे लत लगना कहते हैं। यह विवाद का विषय रहा है कि क्या भोजन की लत लग सकती है।
ऊर्जा के स्रोत के अलावा कई लोगों में खाने की लालसा तनाव, भूख या भोजन के आकर्षक चित्र देखकर पैदा होती है। इस लालसा को रोकने के लिए हमें अपनी स्वाभाविक प्रतिक्रिया को नियंत्रित करने की आवश्यकता होती है। इसमें निषेध न्यूरॉन्स की प्रमुख भूमिका होती है। ये न्यूरॉन्स निर्णय लेने के साथ-साथ नियंत्रण तथा संतुष्टि को टालने का काम करते हैं। ये न्यूरॉन्स मस्तिष्क में ब्रेक की तरह काम करते हैं। चूहों में अध्ययन से पता चला है कि उच्च चीनी युक्त आहार लेने से निषेध न्यूरॉन्स में बदलाव आ सकता है। ऐसे चूहे अपने व्यवहार को नियंत्रित करने में और निर्णय लेने में कम सक्षम पाए गए। इससे लगता है हम जो भी खाते हैं वो इन प्रलोभनों का विरोध करने की हमारी क्षमता को प्रभावित कर सकता है और आहार में बदलाव करना मुश्किल हो सकता है।
हाल के अध्ययन से मालूम चला है कि जो लोग नियमित रूप से उच्च वसा, उच्च चीनी वाले आहार खाते हैं वे भूख न लगने पर भी खाने की लालसा महसूस करते हैं। यानी नियमित रूप से उच्च चीनी युक्त खाद्य पदार्थ खाने से लालसा बढ़ती जाती है।
अध्ययन से पता चला है कि उच्च मात्रा में चीनी आहार लेने वाले चूहों में याददाश्त की समस्या उत्पन्न हुई। चीनी के कारण हिप्पोकैम्पस में नए न्यूरॉन्स की कमी पाई गई जो याददाश्त बढ़ाने और उत्तेजना से जुड़े रसायनों में वृद्धि करने के लिए महत्वपूर्ण हैं।
अब सवाल यह है कि अपने मस्तिष्क को चीनी से कैसे बचाएं? विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार हमें अपने दैनिक कैलोरी सेवन की मात्रा में शक्कर का सेवन केवल 5 प्रतिशत तक सीमित करना चाहिए जो लगभग 25 ग्राम (छह चम्मच) के बराबर है। इसके मद्देनज़र आहार में काफी परिवर्तन की आवश्यकता है।(स्रोत फीचर्स)
-
Srote - January 2023
- शनि के उपग्रह पर ड्रोन भेजने की तैयारी में नासा
- चीन ने बनाई विश्व की सबसे बड़ी सौर दूरबीन
- चंद्रमा पर पहुंचने की दौड़ में निजी क्षेत्र
- परिवर्तनशील रोबोट नए हुनर सीखते हैं
- विज्ञान/प्रौद्योगिकी के राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय सम्मान
- मलेरिया टीके के आशाजनक परिणाम
- कैंसर कोशिकाएं गाढ़े द्रव में तेज़ चलती हैं
- स्वास्थ्य के लिए ज़रूरी है पर्याप्त निद्रा
- नींद क्यों ज़रूरी है?
- रजोनिवृत्ति यानी मेनोपॉज़ पर बात करना ज़रूरी है
- दृष्टिबाधितों के लिए नोट पहचानने की समस्याएं
- मतदान में विकलांगजन की भागीदारी
- जलवायु परिवर्तन से कीटों पर विलुप्ति का संकट
- वन्य जीवों की घटती आबादी
- बढ़ी आबादी ने किया विशाल जीवों का सफाया
- 27वां जलवायु सम्मेलन: आशा या निराशा
- जल संचयन की मदद से भूजल का पुनर्भरण
- वनीकरण का मतलब महज़ पेड़ लगाने से नहीं है
- एक लोकप्रिय पौधे का नाम बदलना
- आठ अरब के आगे क्या?