बातचीत में हम ‘फ’ और ‘व’ अक्षरों का आसानी से उच्चारण कर लेते हैं। लेकिन एक समय था जब इन अक्षरों का उच्चारण करना इतना आसान न था, बल्कि ये अक्षर तो भाषा में शामिल भी नहीं थे। हाल ही में नेचर इंडिया में प्रकाशित एक अध्ययन कहता है कि मानवों में ‘फ’ और ‘व’ बोलने की क्षमता, खेती के फैलने और मानवों द्वारा पका हुआ भोजन खाने की संस्कृति की बदौलत विकसित हुई है।
1985 में अमेरिकी भाषा विज्ञानी चार्ल्स हॉकेट ने इस ओर ध्यान दिलाया था कि हज़ारों वर्ष पहले शिकारियों की भाषा में दंतोष्ठ्य ध्वनियां शामिल नहीं थीं। उनका अनुमान था कि इन अक्षरों की कमी के लिए आंशिक रूप से उनका आहार ज़िम्मेदार था। उनके अनुसार खुरदरा और रेशेदार भोजन चबाने से जबड़ों पर ज़ोर पड़ता है जिसके कारण दाढ़ें घिस जाती हैं। इसके फलस्वरूप निचला जबड़ा बड़ा हो जाता है। इस तरह धीरे-धीरे ऊपरी और निचला जबड़ा और दांत एक सीध में आ जाते हैं। दांतों की इस तरह की जमावट के कारण ऊपरी जबड़ा नीचे वाले होंठ को छू नहीं पाता। दंतोष्ठ्य ध्वनियों के उच्चारण के लिए ऐसा होना ज़रूरी है।
डैमियल ब्लैसी और स्टीवन मोरान और उनके साथियों ने अपने अध्ययन में चार्ल्स हॉकेट के इस विचार को जांचा। अध्ययन के अनुसार मानव द्वारा मुलायम (पका हुआ) भोजन खाने से जबड़ों पर कम दबाव पड़ा। कम दबाव पड़ने के कारण उनका ऊपरी जबड़ा निचले जबड़े की सीध में न होकर निचले जबड़े को थोड़ा ढंकने लगा। जिसके कारण इन ध्वनियों को बोलने में आसानी होने लगी और भाषा में नए शब्द जुड़े।
अध्ययनकर्ताओं ने हॉकेट के विचार को जांचने के लिए कंप्यूटर मॉडलिंग की मदद ली। इसकी मदद से उन्होंने यह दिखाया कि ऊपरी और निचले दांतों के ठीक एक के ऊपर एक होने की तुलना में जब ऊपरी और निचले दांत ओवरलैप (ऊपरी जबड़ा निचले जबड़े को ढंक लेता है) होते हैं तो दंतोष्ठ्य (फ और व) ध्वनि के उच्चारण में 29 प्रतिशत कम ज़ोर लगता है। इसके बाद उन्होंने दुनिया की कई भाषाओं की जांच की। उन्होंने पाया कि कृषि आधारित सभ्यताओं की भाषा की तुलना में शिकारियों के भाषा कोश में सिर्फ एक चौथाई दंतोष्ठ्य अक्षर थे। इसके बाद उन्होंने भाषाओं के बीच के सम्बंध को देखा और पाया कि दंतोष्ठ्य ध्वनियां तेज़ी से फैलती हैं। इसी कारण ये अक्षर अधिकांश भाषाओं में मिल जाते हैं।
इस अध्ययन के नतीजे इस बात की ओर भी इशारा करते हैं कि जीवन शैली में बदलाव हमें कई तरह से प्रभावित कर सकते हैं, ये हमारी भाषा को भी प्रभावित कर सकते हैं। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - January 2020
- पर्यावरण बचाने के लिए एक छात्रा की मुहिम
- अमेरिका की जलवायु समझौते से हटने की तैयारी
- जलवायु परिवर्तन के साथ तालमेल
- जलवायु परिवर्तन और भारत की चुनौतियां
- ऊर्जा संकट के 40 साल बाद विश्व ऊर्जा का दृश्य
- पौधों के सूखे से निपटने में मददगार रसायन
- बैटरी चार्जिंग मात्र 10 मिनट में
- टायफॉइड मुक्त विश्व की ओर एक कदम
- भारत में जीनोम मैपिंग
- शरीर के अंदर शराब कारखाना
- मस्तिष्क स्वयं की मौत को नहीं समझता
- आंत के रसायन मस्तिष्क को नियंत्रित करते हैं
- 3-डी प्रिंटिंग की मदद से अंग निर्माण
- छछूंदर: तौबा ये मतवाली चाल
- मोनार्क तितली ज़हर को कैसे पचाती है
- पफरफिश को तनाव-मुक्त रखता है विष
- वैज्ञानिक सामाजिक दायित्व की ओर बढ़ता देश
- तकनीक से बेहतर होता फिंगरप्रिंट विज्ञान
- बोतल से दूध पिलाने की प्रथा हज़ारों सालों से है
- प्राचीन जर्मन कब्रगाहों से नदारद वयस्क बेटियों के शव
- ब्रह्माण्ड में कई सौर मंडल हैं
- सबसे ज्यादा चांद बृहस्पति नहीं शनि के पास हैं
- रबर बैंड से बना फ्रिज
- प्लेनेट नाइन एक ब्लैक होल हो सकता है!
- नन्हे ब्लैक होल भी संभव हैं
- दा विंची द्वारा डिज़ाइन किया गया सबसे लंबा पुल
- युरोप के नीचे एक डूबा हुआ महाद्वीप है